Extra Marital Affair का हुआ खुलासा, प्रेमिका भी हुई नामजद
जालंधर (ens) : करतारपुर थाने के अधीन पड़ते गांव काहलवां में महिला को हार्पिक पिलाकर मारने की कोशिश का मामला सामने आया था। महिला को इलाज के लिए पठानकोट रोड स्थित Fortis Hospital में भर्ती करवाया गया था। जहां नेहा की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में मृतका के भाई और भाभी का बयान सामने आया है।
नेहा के परिजनों ने पति उमंग बस्सी, सास कुसुम बस्सी और उमंग कथित प्रेमिका सतपाल कौर पर विवाहिता को मारने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में हत्या समेत अन्य संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिव्या ने मीडिया से रूबरू होते कहा कि नेहा की शादी 7 साल पहले उमंग बस्सी से हुई थी और उनकी 6 साल की बेटी कियारा है। उमंग के अन्य महिलाओं के साथ संबंध थे और वह सतपाल कौर से दूसरी शादी करने की जिद पर अड़ा था।
जिसका विरोध करने पर उसे रास्ते से हटाने के लिए ससुरालियों ने नेहा को जबरन हार्पिक पिलाया और ऊपर से दो गिलास पानी डाल दिया। जिस कारण उसके अंदरूनी अंग बुरी तरह झुलस गए। नेहा को गंभीर हालत में 19 तारीख को अस्पताल में दाखिल कराया गया था, जहां वेंटिलेटर सपोर्ट पर रहने के बाद उसने दम तोड़ दिया।
इस मामले मे थाना करतारपुर के जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के वेंटिलेटर पर होने के कारण ड्यूटी मजिस्ट्रेट माननीय जज नमिता शर्मा की मौजूदगी में इशारों व बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया गया था।
पीड़िता की मौत के बाद भाई अमरीश कुमार के बयानों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या—पूर्व में IPC 302) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश—पूर्व में IPC 120B) समेत अन्य धाराएं बढ़ा दी गई हैं। प्राथमिक FIR में पति और सास के अलावा सतपाल कौर का नाम भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है।
परिजनों ने मांग की है कि आरोपी कनाडा भागने की तैयारी कर रहे है और नेपाल/भूटान बॉर्डर से फरार होने की फिराक में हैं। इसलिए पीड़ित परिवार प्रशासन से तत्काल लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करने और आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्ची को परिवार को सौंपने की गुहार लगाई है।

