जालंधरः थाना चार के अधीन आते मखदूम पुरा में स्थित एक घर पर एक्साइज विभाग की टीम द्वारा रेड की गई। ये कार्रवाई एक्साइज इंस्पेक्टर सिमरनजीत सिंह की अगवाई में की गई। हालांकि रेड के दौरान शराब बरामद नहीं हुई।
मामले की जानकारी देते थाना चार के एएसआई हीरालाल ने बताया कि एक्साइज इंस्पेक्टर सिमरनजीत सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक घर में दबिश दी। उन्हें सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध शराब की सप्लाई हो रही है।
इस दौरान पुलिस ने मोनू घई पुत्र मोहिंदर घई के घर पर रेड की। एक्साइज विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर मोनू घई के घर में दबिश देकर घर और गोदाम की तलाशी ली, लेकिन दोनों जगह से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। मोनू घई करियाने की दुकान चलाता है। इस कार्रवाई के दौरान घर पर मोनू घई की माता आशा देवी और अन्य महिला मौजूद थी।
काफी देर तक चले तलाशी अभियान के बाद भी टीम को कोई अवैध शराब, संदिग्ध वस्तु या तस्करी से जुड़ा सामान बरामद नहीं हुआ। अधिकारियों ने बताया कि सूचना के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाके में अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।