जालंधर: बीएसएफ चौक के पास हुए ब्लास्ट की सीसीटीवी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में एक्टिवा के पास युवक खड़ा था। इस दौरान जब एक्टिवा में धमाका हुआ तो वह मौके से भागा। वहीं एक्टिवा चालक गुरप्रीत सिंह ने कहा कि मैं पार्सल देने नहीं, बल्कि लेने आया था। मैंने एक्टिवा फुटपाथ पर खड़ी की और गेट पर पार्सल देने के लिए फौजी को कॉल किया। मैं इंतजार कर रहा था, तभी एक युवक पास से निकला। कुछ देर बाद धमाका हो गया।
मैं घबराकर गेट की ओर भागा। बीएसएफ कर्मी मौके पर पहुंचे। धमाके में एक्टिवा की नंबर प्लेट उछलकर गिर गई और स्कूटी में आग लग गई। इसके बाद पुलिस ने मुझे हिरासत में लिया। एक महिला अधिकारी ने खुद को एसपी बताया और मुझे अंदर ले जाया गया। मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।
