जालंधर, ENS: भार्गव कैंप इलाके में गोली चलाने के मामले में पुलिस नाकों सीसीटीवी मिल गई है, जिसमें वारदात के बाद आरोपी मौके से भागते हुए नजर आ रहा है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और देर रात एक व्यक्ति के हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। बताया जा रहा हैकि कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस और एक्साइज विभाग की कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और गोली चलने की घटना हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी।
एडीसीपी राकेश यादव ने बताया कि उनकी टीम ने आर्म एक्ट के तहत 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (पूर्व आईपीसी धारा 307–हत्या के प्रयास), आर्म्स एक्ट और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 198 दर्ज की है। प्राथमिकी में संदीप पावा, बोनी, तोता और डीसी को नामजद किया गया है, जबकि 10 से 12 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। फिलहाल पुलिस ने संदीप पावा को हिरासत में ले लिया है। घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों के लाइसेंस की जांच की जा रही है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि शहर के भार्गव कैंप इलाके में एक्साइज टीम और नशा तस्कर के बीच हुए विवाद के दौरान गोलियां चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए थे, जबकि कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई थी। सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक गोली का खोल बरामद किया था।