वाहन छोड़कर रिक्शा में जाने को मजबूर बैंक कर्मी
जालंधर, ENS: शहर में सुबह अचानक हुई तेज बारिश ने नगर निगम की पोल खोल दी। दरअसल, कुछ समय के लिए हुई बारिश से सड़के पानी से लबालब हो गई। सड़कें पानी से लबालब होने के कारण सुबह लोगों को दफ्तरों में जाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग की ओर से पंजाब के 7 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जिनमें से पठानकोट, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) शामिल हैं। वहीं, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।
वहीं रेलवे स्टेशन रोड की सड़क पानी से भरी हुई है। सड़क पर पानी भरने से दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बैंक कर्मी अपने वाहन छोड़कर रिक्शा में सवार होकर दफ्तरों में जाने को मजबूर हो गए। इसकी वीडियो भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि पानी से सड़क भरने के कारण बैंक कर्मी रिक्शा में सवार होकर बैंक जा रहे है। मामले की जानकारी देते हुए संतोष ने कहाकि सुबह हुई बारिश के कारण घुटनों तक पानी भर गया और उसकी बाइक पानी में बंद हो गई।
संतोष ने बताया कि वह प्रसिद्ध श्री देवी तालाब मंदिर की ओर से सामान लेने के लिए जा रहा था, लेकिन बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने से उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बुजुर्ग संतोख ने कहा कि 15 मिनट बारिश होने से सड़के पानी से भर जाती है। शहर का यह एंट्री प्वाइंट है। स्टेशन से सवारी उतरने के बाद इसी सड़क से गुजरती है। उनका कहना है कि पानी से सड़के भरने से ग्राहक भी नहीं आते। ऐसे में वह खुद वाइपर से दुकान के बाहर से पानी निकाल रहे है। दुकानदार का कहना है कि अधिकारी कई बार सड़क का जायजा ले चुके है, लेकिन फिर भी किसी अधिकारी ने कोई सुध नहीं ली।