जालंधरः ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है। पुलिस खासकर उन चालकों पर नजर रख रही है जो नियमों की अवहेलना कर रहे है। आए दिन सोशल मीडिया पर बाइकों और कारों पर नियमों के विरुद्ध गाड़ियां मॉडिफाइड करवाई जाती है, जिस पर पुलिस समय-समय पर नकेल कसती है।
ऐसा ही एक ओर नया मामला सामने आया है, जहां एक युवक अपनी कार पर फैंसी और गलत नंबर प्लेट लगाकर सड़कों पर घूम रहा था, जिसकी सोशल मीडिया पर भी वीडियो वायरल हो रही है। वीडियो में दिखता है कि गाड़ी पर असली नंबर प्लेट की जगह नाम के साथ लगने वाली कॉस्ट लगी हुई थी। ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते ड्राइवर को काबू किया और उसका चालान किया।
मामले की जानकारी देते ACP ट्रैफिक अजय सिंह ने बताया कि कल एक गाड़ी को रोका गया, जिसकी नंबर प्लेट नियमों के खिलाफ थी। गाड़ी की नंबर प्लेट पर रजिस्ट्रेशन नंबर की जगह नाम लिखा हुआ था, जो मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते ड्राइवर को गिरफ्तार किया और जरूरी कानूनी कार्रवाई की।
साथ ही उन्होंने शहर वासियों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति फैंसी, डिजाइनर या संदिग्ध नंबर प्लेट गाड़ियों में न लगाए। उन्होंने कहा कि हर गाड़ी पर सरकार द्वारा तय पैटर्न और नियमों के अनुसार नंबर प्लेट होनी चाहिए। अगर कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।