जालंधर, ENS: वडाला चौक के पास युवकों पर हमला करके नौजवान बाइक छीनकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित 2 दोस्त चिट्ठी गांव से फोटो शूट करवाकर वापस वापिस लौट रहे थे। ऐसे में वडाला चौक के पास 4 से 5 अज्ञात हमलावरों ने उन पर तेजधार हथियारों और ईंटों से हमला कर दिया। दोनों नौजवान जान बचाने के लिए मोटरसाइकिल छोड़कर खेतों में भाग गए। जिसके बाद हमलावरों ने पीछा किया, लेकिन युवकों के ना मिलने पर वह उनकी बाइक छीनकर मौके से फरार हो गए। इस हमले में युवक घायल हो गया। पीड़ित युवक ने बताया कि वह न्यू दशमेश नगर (मेयर फौजी टेंट हाउस के पास) का रहने वाला है।
वह अपने एक दोस्त के साथ चिट्ठी गांव की तरफ घूमने और फोटो शूट करवाने के लिए गया था। दिनभर घूमने के बाद जब दोनों दोस्त अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनके साथ यह खौफनाक वारदात घटित हुई। युवक के मुताबिक, जैसे ही वे वडाला चौक के पास पहुंचे, अचानक 4 से 5 लड़कों ने उन्हें घेर लिया। उन सभी बदमाशों के हाथों में तेजधार हथियार थे। बदमाशों ने आते ही उन पर हथियारों से हमला करने की कोशिश की और उन्हें डराने-धमकाने लगे। अचानक हुए इस हमले से दोनों दोस्त बेहद डर गए। बदमाशों को अपनी तरफ बढ़ता देख युवकों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत अपनी मोटरसाइकिल वहीं सड़क पर छोड़ दी। वे अपनी जान बचाने के लिए पास के खेतों की तरफ भागने लगे।
हमलावर भी उनके पीछे-पीछे खेतों तक आ गए। गनीमत रही कि अंधेरे या खेतों की ओट के कारण पीड़ित युवक बदमाशों के हाथ नहीं आए। जब बदमाश युवकों को ढूंढने में नाकाम रहे, तो वे सड़क पर वापस आए और पीड़ितों की खड़ी बाइक लेकर वहां से रफूचक्कर हो गए। पीड़ित युवक ने बताया कि भागने के दौरान बदमाशों ने उन पर ईंटें भी फेंकी थीं। एक ईंट सीधे उसके पैर पर आकर लगी, जिससे उसका पैर बुरी तरह सूज गया है और उसे चोट आई है। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

