जालंधर, (ENS): शहर के कैंट रेलवे स्टेशन के नजदीक दकोहा फाटक पर एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद बच्चा बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अपने बच्चे के साथ फाटक के पास रेलवे लाइन पार कर रही थी। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और महिला उसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चा किसी तरह सुरक्षित बच गया।
View this post on Instagram
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी (Government Railway Police) की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को महिला के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज भी बरामद नहीं हुए हैं। फिलहाल जीआरपी महिला की शिनाख्त करने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेलवे लाइन पार करते समय सावधानी बरतें और निर्धारित फाटक या फुटओवर ब्रिज का ही इस्तेमाल करें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
