गाजियाबाद: यूपी के मोदीनगर में वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी के शराब के नशे में सड़क पर लड़खड़ाने और बाइक समेत गिरने का वीडियो इंटरनेट पर सामने आया है। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर हरमुखपुरी कॉलोनी के गेट नंबर-2 के सामने का बताए जा रहे वीडियो में पुलिसकर्मी कभी सड़क पर गिरता तो कभी सड़क पर रेंगता दिखाई दे रहा है। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद गोविंदपुरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने साथ ले गई।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिख रहा पुलिसकर्मी किसी अन्य जिले में तैनात बताया जा रहा है। वहीं वायरल वीडियो को लेकर पुलिस का कहना है कि यह वायरल वीडियो यह मोदीनगर थाना क्षेत्र का नहीं है। वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी किसी दूसरे जनपद में तैनात है। उसकी पहचान और तैनाती के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिसकर्मी की वास्तविक स्थिति और घटना की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दरअसल, वीडियो में वर्दी पहना पुलिसकर्मी बाइक के पास खड़ा नजर आता है। वह ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा है और लगातार लड़खड़ा रहा है। इसी दौरान बाइक गिर जाती है और पुलिसकर्मी भी उसके ऊपर जा गिरता है। दूसरे वीडियो में वह सड़क पर पड़ा और रेंगता हुआ दिखाई देता है। मौके पर मौजूद लोग उसे संभालने का प्रयास करते हैं। एक व्यक्ति पुलिसकर्मी से बातचीत कर उससे पूछता है कि वह कहां जा रहा है और जरूरत होने पर गाड़ी बुलाने की बात कहता है।
पुलिसकर्मी की हालत देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। काफी देर तक वह सड़क पर इसी तरह नजर आया और लोगों ने घटनाक्रम के वीडियो बना लिए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ पुलिसकर्मी के शराब के नशे में होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, नशे की स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। वायरल वीडियो में उसकी गतिविधियां और लड़खड़ाती चाल जरूर साफ दिखाई दे रही है।