चंडीगढ़: हरियाणा के जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने हिसार की अनाज मंडी में बरसाती मौसम के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को जल्द से जल्द जल निकासी की परियोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस संबंध में पहले भी दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। बैठक में कैबिनेट मंत्री ने मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के समीप ड्रेनेज अथवा ऋषि नगर के समीप ड्रेन से जल निकासी की परियोजना तैयार कर मुख्यालय भेजी जाए।
अधिकारियों और आढ़तियों के साथ आयोजित बैठक में अनाज मंडी में तोल के कांटों से संबंधित व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि कुछ तोल कांटे खराब हैं। कैबिनेट मंत्री ने उनकी क्षमता बढ़ाते हुए सभी तोल कांटों को अगले दो दिन में दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए, ताकि मंडी में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि मंडियों में बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।