चंडीगढ़: हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान अन्नदाताओं को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि अनाज मंडियों में किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मंगलवार को पलवल अनाज मंडी का दौरा कर चालू फसल खरीद सीजन के तहत मंडी में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा करने उपरांत बोल रहे थे। उन्होंने मंडी में फसल बिक्री के लिए पहुंचे किसानों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया के संबंध में किसानों से अनाज मंडी में की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं के बारे फीडबैक भी लिया।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि मंडियों में फसल खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित होनी चाहिए। किसानों को गेट पास, फसल की खरीद, उठान, भुगतान सहित किसी भी प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मंडी में नियमित निगरानी रखने और किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद खेल राज्य मंत्री अटल किसान कैंटीन में भी पहुंचे।