चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाबा मक्खन शाह लुबाना और बाबा लक्खी शाह बंजारा का जीवन त्याग, सेवा और समर्पण की अमर मिसाल है। उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियां केवल किसी एक समाज की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की साझा धरोहर हैं, जिनके आदर्श नई पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे। मुख्यमंत्री संत कबीर कुटीर में आयोजित ‘संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना’ के तहत बाबा मक्खन शाह लुबाना एवं बाबा लक्खी शाह बंजारा के राज्य स्तरीय जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पेहवा में बाबा मक्खन शाह लुबाना धर्मशाला के निर्माण के लिए 31 लाख रुपये तथा दतौली गांव में सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए भी 31 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि धर्मशाला के लिए आवंटित भूमि से संबंधित सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने बाबा मक्खन शाह लुबाना के नाम पर किसी संस्थान का नाम रखने की भी बात कही। समारोह में बंजारा समाज के प्रतिनिधियों ने छह मांगों का ज्ञापन सौंपा, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण एवं शहरी आवास योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, डॉ. भीमराव आंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना, अंत्योदय परिवार उत्थान योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से बाबा मक्खन शाह लुबाना और बाबा लक्खी शाह बंजारा के सेवा, सत्यनिष्ठा और बलिदान के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

