चंडीगढ़: हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की समर्पित जनसेवा एवं परिवर्तनकारी सुशासन के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां कर रही है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने अभियान के तहत सभी 23 जिलों की तैयारियों एवं जिलावार कार्ययोजनाओं की समीक्षा की और सभी उपायुक्तों को अभियान में नागरिकों की सक्रिय एवं सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक विभिन्न जिलों में जनकल्याण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, नवाचार और सामुदायिक भागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्य सचिव ने कहा कि अभियान की सफलता केवल आयोजित कार्यक्रमों की संख्या से नहीं, बल्कि लोगों की सक्रिय भागीदारी और जमीनी स्तर पर दिखाई देने वाले ठोस बदलाव से तय होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन को सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करते हुए अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को अंबाला जिले में नमो मैराथन आयोजित की जाएगी, जबकि इसी दिन कुरुक्षेत्र जिले में रक्तदान शिविर और ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर ऐसा स्थायी और सकारात्मक प्रभाव पैदा करना होना चाहिए, जिससे नागरिक स्वयं विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनें।