पंचकूलाः क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने सेक्टर-7 क्षेत्र में महिला से सोने का लॉकेट झपटने की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों गोविंदा, उम्र 26 वर्ष और सोनू उर्फ टैक्सी उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार किया है। दोनों पंचकूला के इंदिरा कॉलोनी के निवासी है। आरोपी गोविंदा के खिलाफ पहले भी चोरी, स्नैचिंग और नशा तस्करी के मामले दर्ज है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार 1 अगस्त को महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह सेक्टर-8 में काम करने के बाद सेक्टर-7 की ओर जा रही थी। इसी दौरान हेलमेट पहने दो बाइक सवार युवकों ने उसके गले से झपट्टा मारकर सोने का लॉकेट छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत पर थाना सेक्टर-7 में 1 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामलें में कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच-2 इन्चार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने 12 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान छीना गया सामान, वारदात में प्रयोग वाहन, साथी आरोपियों तथा अन्य स्नैचिंग वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि आरोपियों से अन्य स्नैचिंग वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। चोरी और स्नैचिंग जैसी वारदातों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पुलिस को अपराध की रोकथाम के साथ-साथ वारदात के बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।