पंचकूलाः सेक्टर-6 स्थित अस्पताल में उस समय हंगामा मच गया, जब इलाज करवाने पहुंचे दो गुट आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि मामला बरवाला के रातेवाली गांव में हुए झगड़े से जुड़ा है। गांव में दो गुटों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसके बाद दोनों पक्ष इलाज के लिए सेक्टर-6 अस्पताल पहुंचे थे।
पुरानी रंजिश के चलते हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के चलते अस्पताल में भी दोनों गुटों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
डंडों और हॉकी से हुई मारपीट
अस्पताल में हुए इस झगड़े के दौरान डंडों और हॉकी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी हंगामा देखने को मिला। घटना के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ चौकी से पुलिस अधिकारी सेक्टर-6 अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की और मामले की जानकारी जुटाई।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सेक्टर-6 अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों का कहना है कि पुलिस की सुरक्षा मौजूद होने के बावजूद अस्पताल परिसर में इस तरह मारपीट होना चिंता का विषय है। अस्पताल में मरीजों का इलाज होता है और ऐसी घटनाओं से मरीजों, डॉक्टरों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।