पंचकूलाः पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जीजा-साला मर्डर केस में मुख्य आरोपी समेत 2 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान राजीव पासवान उर्फ बकरी निवासी जिला सिपोल, बिहार, हाल किरायेदार अभयपुर, पंचकूला (22) तथा उसके साथी रोशन उर्फ मोटा निवासी जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश, हाल किरायेदार अभयपुर, पंचकूला (20) के रूप में हुई है।
View this post on Instagram
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस ने सेक्टर-19 क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते हुए जीजा-साले की हत्या के मामले की जांच में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सेक्टर-19 चौकी टीम ने इंचार्ज कमलदीप सिंह की अगुवाई में मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि वारदात की साजिश, इस्तेमाल किए गए हथियारों तथा अन्य फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सके।
गौरतलब है कि 4 जुलाई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-19 निवासी संजीत की तेजधार हथियारों से घायल होने के कारण मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सरकारी अस्पताल सेक्टर-6 पहुंची तथा प्रारंभिक जांच के बाद घटनास्थल सीआईडी अंडरपास के समीप खाली स्थान पर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान पुलिस को कुछ दूरी पर अर्जुन उर्फ चिट्टा निवासी खड़क मंगोली का शव भी बरामद हुआ, जिसके शरीर पर तेजधार हथियारों से किए गए कई गंभीर वारों के निशान मिले।
जांच के दौरान मृतक अर्जुन उर्फ चिट्टा की बहन के बयान में सामने आया कि उसके भाई का संजीत की बहन के साथ कई वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों ने मंदिर में विवाह भी किया था। बाद में दोनों अलग रहने लगे, जिसके चलते संजीत और अर्जुन के बीच लगातार विवाद और रंजिश बनी रही। आरोप है कि नामकरण समारोह के बहाने अर्जुन को बुलाया गया, जहां संजीत और उसके साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

