ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना की सब्जी मंडी एवं कृषि उपज मंडी की छत पर लंबे समय से उगी घास और झाड़ियां प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। मंडी परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर जिम्मेदार विभाग की अनदेखी का यह नजारा व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है।
मंडी की छत पर जगह-जगह घास उग आई है, जिससे भवन के रखरखाव को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं। समय रहते सफाई और आवश्यक रखरखाव नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में पानी की निकासी प्रभावित होने के साथ भवन को नुक्सान पहुंचने की आशंका भी बनी रह सकती है।
सब्जी मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में किसान, आढ़ती और व्यापारी पहुंचते हैं। ऐसे में मंडी परिसर की स्वच्छता और भवन का उचित रखरखाव बेहद जरूरी है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देते हुए छत की सफाई करवाने के साथ नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने मांग उठाई है कि मंडी की छत पर उगी घास और झाड़ियों को हटाकर पूरे परिसर की साफ-सफाई करवाई जाए, ताकि सरकारी भवन की स्थिति खराब होने से पहले आवश्यक कदम उठाए जा सकें।