पंचकूलाः सेक्टर-5 स्थित एक क्लब के बाहर देर रात गोलियां चलने की घटना सामने आई है। जहां बदमाशों ने 2 युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और वहां दहशत फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार हमलावरों ने करीब 12 से 15 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान रतन लुबाना और एमडीसी निवासी ललित के रूप में हुई है। एक युवक के पेट में जबकि दूसरे के कंधे में गोली लगने की सूचना है।
View this post on Instagram
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब एक बजे सेक्टर-5 स्थित क्लब से रतन लुबाना और ललित (निवासी एमडीसी) बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर लगातार गोलियां चलाते रहे। घायल दोनों युवकों को तत्काल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
