शिमला: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) द्वारा मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए विभिन्न क्षेत्रों से एम्स बिलासपुर तक सीधी बस सेवाएं शुरू की गई हैं। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज यहां कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को सुगम और बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में चिंतपूर्णी, ऊना, हरोली, सोलन, मंडी और जाहू से एम्स बिलासपुर के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा बिलासपुर जिले के करलोटी, बंदला, शाहतलाई, घुमारवीं और बिलासपुर से भी एम्स के लिए सीधी बस सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। घुमारवीं से एम्स के लिए चार तथा बिलासपुर से आठ बार प्रतिदिन बसों का संचालन किया जा रहा है।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों को उपचार के लिए एम्स बिलासपुर तक समय पर बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने में यह पहल उपयोगी साबित हो रही है। इससे मरीजों और उनके परिचारकों को बसें बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ती और वे निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों को भी एम्स बिलासपुर से सीधी बस सेवा के माध्यम से जोड़ा जाएगा।