गुजरात: सूरत में वराछा क्षेत्र स्थित लंबे हनुमान रोड पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में लूट की घटना सामने आई है। जहां बैंक में घुसकर बदमाशों ने ग्राहकों और कर्मियों को बंधक बना लिया और उनके फोन छीन लिए। जिसके बाद लुटेरे बैंक से 50 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना को लेकर कर्मियों और ग्राहकों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें बदमाश, पिस्तौल की दम पर लूट करते नजर आ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसरा 6 में से 5 हथियारबंद डकैतों ने बैंक में घुसकर पिस्तौल के बल पर पर 7बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया और 50 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान बैंक के सामने मेट्रो परियोजना का काम चल रहा था, जिसके कारण बैरिकेडिंग लगी हुई थी। 5 डकैत बैंक के भीतर घुसे, जबकि एक साथी करीब 25 मीटर दूर बाइकों के पास निगरानी करता रहा। करीब 50 मिनट तक बैंक में लूटपाट करने के बाद वे बेहद शांत तरीके से बाहर निकले। इसके बाद पैदल मेट्रो बैरिकेडिंग पार कर अपनी बाइकों तक पहुंचे और कामरेज की दिशा में फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार लूटी गई रकम अनुमान के तौर पर करीब 50 लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उनकी तलाश शुरू कर दी गई। दिनदहाड़े बैंक लूट की घटना के बाद लोग हैरत में पड़ गए। बैंक एक कॉम्पलेक्स में पहली फ्लोर पर स्थित है। इस बैंक के साथ में ही एसबीआई का एटीएम भी है। पुलिस के अनुसार लुटेरों को पकड़ने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है।
डकैतों को इस बात की जानकारी बेशक रही होगी कि कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं है। इसलिए एक ग्राहक की तरह सभी बैग लेकर अंदर घुसे और सबसे पहले बैंक के अलार्म सिस्टम के तार काट दिए थे। इसके अलावा कोई अन्य सिक्योरिटी या अलार्म सिस्टम एक्टिव करने का मौका आरोपियों ने स्टाफ को नहीं दिया। वहां पर आने जाने वाली सड़क बंद थी। इसलिए दोपहर में इलाका काफी सुनसान रहता है। लेकिन मनपा चुनाव को देखते हुए बैंक के बाहर वाली सड़क 5 दिन पहले एक तरफ से खोल दी थी।
