डीसीपी का आया बयान
पंचकूला: आने वाले 10 मई को होने वाले पंचकूला नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम लागू कर दिए हैं। इसी क्रम में डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने प्रेस वार्ता के दौरान चुनावी सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी साझा शेयर करते हुए किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर रोक लगाने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह एक्टिव है।
डीसीपी ने बताया कि 13 अप्रैल से जिला में आचार संहिता लागू होने के साथ ही पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से लगते 5 इंटर स्टेट बॉर्डर नाकों पर 24 घंटे कड़ी नाकाबंदी शुरु कर दी गई है। इसके अलावा शहर के अंदर लगातार औचक चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनके जरिए से अवैध शराब, अवैध हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि चुनावी प्रक्रिया किसी भी प्रकार से प्रभावित न हो सके।
13 अप्रैल से ही जिला में भारतीय नागरिक न्याय संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है, जो चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान ऐसे व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिनसे शांति व्यवस्था भंग होने या चुनाव को प्रभावित करने की आशंका है।
साथ ही ऐसे सभी लाइसेंसी हथियार धारकों को अपने हथियार जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं और ऐसे लोगों को चुनाव अवधि के दौरान किसी को भी हथियार साथ रखने की अनुमति नहीं होगी। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के बाद से पुलिस को महत्वपूर्ण सफलताएं भी हासिल हुई हैं। इस दौरान 538 ग्राम हेरोइन, 1 किलो 154 ग्राम चरस और 180 पेटी अवैध शराब बरामद की गई है।
इसके अतिरिक्त 2 अवैध देशी कट्टे और 1 जिंदा कारतूस भी पुलिस द्वारा जब्त किए गए हैं। सभी नाकों पर लगातार सघन चेकिंग जारी है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्ज को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में दबंग, भय या चुनावी माहौल खराब करने की आशंका वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखें।
संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे। डीसीपी ने यह भी बताया कि चुनाव से पहले और मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बाहरी पुलिस बल की भी आवश्यकता अनुसार तैनाती की जाएगी। चुनाव से तीन दिन पहले सभी नाकों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी जाएगी और मतदान के दिन पहले ही पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित कर दी जाएगी।
अंत में उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित कर पंचकूला नगर निगम चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
