ऊना: मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश द्वारा शुरू किए गए “नशा मुक्त हिमाचल” अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत SIU ऊना की टीम ने गगरेट में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 4.86 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की रात SIU ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गगरेट-होशियारपुर रोड पर इच्छाधारी मंदिर के नजदीक नाकाबंदी व तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान राहुल ठाकुर निवासी कुठेड़ा खैरला, तहसील अंब, जिला ऊना के मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में छिपाकर रखा गया 4.86 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। जिला पुलिस ऊना ने लोगों से अपील की है कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें नशे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस ने नशे की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।