जालंधर, ENS: शादीशुदा महिला डॉक्टर पवनप्रीत कौर द्वारा खुद को सिंगल बताने और पासपोर्ट बनाकर 2024 में कनाडा भागने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर फिरोजपुर के पति त्रिपुष शर्मा का आरोप है कि पत्नी घर से नकदी और गहने लेकर चली गई। आरोप है कि पत्नी ने सरकारी दस्तावेजों में गलत जानकारी देकर पासपोर्ट हासिल किया। इस मामले को लेकर पति ने फिरोजपुर पुलिस को शिकायत दे दी है। वहीं पुलिस ने पति की शिकायत पर महिला डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मकसूदां की रहने वाली महिला डॉक्टर साल 2024 में डॉक्टर कनाडा भागी। इसके वह वापस नहीं लौटी। फिरोजपुर के रहने वाले डॉक्टर के पति त्रिपुष शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनकी शादी साल 2021 में पवनप्रीत कौर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच रिश्ते सामान्य नहीं रहे। साल 2024 में पवनप्रीत कौर ने अपनी शादी की बात छिपाते हुए रीजनल पासपोर्ट ऑफिस जालंधर में नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया। आवेदन के दौरान उसने शादीशुदा होने के बावजूद खुद को अविवाहित (सिंगल) बताया और इसी आधार पर नया पासपोर्ट जारी करवा लिया।
पासपोर्ट मिलने के बाद पत्नी उन्हें बिना बताए कनाडा चली गई। पवनप्रीत कौर घर से कीमती गहने और नकदी भी अपने साथ समेटकर ले गई। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच कर उन्हें न्याय दिया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिरोजपुर पुलिस ने शिकायत की गहन जांच की। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी महिला डॉक्टर पवनप्रीत कौर के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) और धारा 406 (आपराधिक न्यासभंग/विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की बारकी से जांच की जा रही है। पासपोर्ट कार्यालय को भी गलत जानकारी देकर दस्तावेज हासिल करने के संबंध में सूचित किया जाएगा और कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी महिला के खिलाफ आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।