चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सोच के अनुरूप राज्यभर में खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज यहां अपने कार्यालय में खाद्य सुरक्षा विभाग में नवनियुक्त छह खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (एफएसओ) को नियुक्ति पत्र सौंपे।
नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने उन्हें अपनी जिम्मेदारियां पूरी लगन और निष्ठा से निभाने तथा जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए पेशेवर दृष्टिकोण और प्रतिबद्धता के साथ अथक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के लिए सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करना मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन अधिकारियों की नियुक्ति से खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा राज्यभर में जमीनी स्तर पर निगरानी और खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि नवनियुक्त अधिकारी खाद्य सुरक्षा नियमों को सख्ती और प्रभावी ढंग से लागू करना सुनिश्चित करेंगे।