मोहालीः शुक्रवार सुबह जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास एक भयानक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां, एक बस ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में करीब 20 से 22 यात्री घायल हो गए। वहीं मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी यात्री बस से निकलने की होड़ में जद्दोजहद करते रहे। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचित किया और लोगों को भी बाहर निकाला। पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस, जीरकपुर से पटियाला जा रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस बेकाबू हो गई और सड़क पर ही पलट गई। यह हादसा इतना भयानक था कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 20 से 22 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे का सबसे दर्दनाक दृश्य एक युवक का था जो बस के नीचे कुचला गया था। उसका हाथ बुरी तरह कुचला गया और उसे गहरी चोटें आई हैं। उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद, मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला जबकि मौके पर पहुंची पुलिस और आपातकालीन टीमों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

