मॉस्कोः रूस के मध्य मॉस्को में शनिवार शाम को एक रेस्टोरेंट के पास धमाका होने का मामला सामने आया है। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 21 लोगों के घायल होने की खबर है। ये धमाका तब हुआ जब एक महिला देसी बम लेकर वहां पहुंची।
पुलिस ने बताया कि ये धमाका स्थानीय समय के अनुसार रात 8 बजे से ठीक पहले कुड्रिंस्कया स्क्वायर पर मॉस्को की स्टालिन-युग की सात गगनचुंबी इमारतों में से एक में स्थित एक इटैलियन रेस्टोरेंट के पास हुआ। आरआईए ने बताया कि रूस की आतंकवाद-रोधी समिति के अनुसार एक अज्ञात महिला ने रेस्टोरेंट में घुसने की कोशिश की लेकिन एक सुरक्षा गार्ड ने उसे रोक दिया। एजेंसी ने कहा कि इसके बाद धमाके में वह महिला, सुरक्षा गार्ड और बाल्जी रॉसी इटैलियन रेस्टोरेंट का एक ग्राहक मारा गया।
