नई दिल्ली : पाकिस्तान में चुनाव होने वाले हैं। चुनावों से पहले पाकिस्तान के कई शहरों में बम विस्फोट की खबरें भी सामने आ रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को बलूचिस्तान के नुश्की जिले में पाकिस्तान चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर एक और बम विस्फोट हुआ था, हालांकि, विस्फोट में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी है और अपराधियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बता दें कि पिछले हफ्ते पाकिस्तान चुनाव आयोग के कराची कार्यालय के बाहर एक विस्फोट हुआ था। मिली जानकारी के मुताबिक, विस्फोटक सामग्री ईसीपी कार्यालय की दीवार के पास एक शॉपिंग बैग में रखी गई थी, जो कराची के रेड जोन इलाके में स्थित है। उन्होंने बताया कि विस्फोटक पदार्थ में बॉल बेयरिंग नहीं थे। पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने कराची कार्यालय के बाहर विस्फोट की जिला निगरानी अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दक्षिण से रिपोर्ट मांगी है।
