जालंधरः पंजाब विधानसभा चुनाव में अब करीब छह महीने का समय शेष है और भाजपा ने प्रदेश में अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने सितंबर और अक्टूबर में अपने शीर्ष नेतृत्व के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी जालंधर शहरी द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रस्तावित जालंधर महारैली की तैयारियों की समीक्षा एवं आगामी रणनीति को लेकर जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बताया गया कि बताया केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जालंधर रैली 30 सितंबर को होगी।
बैठक में रैली को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों, जनसंपर्क अभियान, बूथ स्तर की जिम्मेदारियों तथा सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
पंजाब भाजपा के संगठन महामंत्री श्रीनिवासलु ने विशेष रूप से बैठक में भाग लिया। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश राठौर, पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व संसदीय सचिव कृष्ण देव भंडारी, अनुसूचित जाति मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल, प्रदेश सचिव करमजीत कौर चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश ढल्ल तथा जिला महामंत्री राजेश कपूर भी उपस्थित रहे।