नशे के खिलाफ अभियान के तहत टाहलीवाल पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
ऊना,सुशील पंडित: नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिला पुलिस ऊना का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में टाहलीवाल पुलिस ने बाथू में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के घर से 34 ग्राम भुक्की/चूरा पोस्त बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 12 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे हेड कांस्टेबल सोडी राम, अन्वेषणाधिकारी पुलिस थाना टाहलीवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बाथू निवासी शिव कुमार के घर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस टीम को आरोपी के बेड के सिरहाने के नीचे से 34 ग्राम भुक्की/चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। नशे की तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि मादक पदार्थों के सेवन और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि उनके आसपास चिट्टा, हेरोइन या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री अथवा तस्करी की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।