नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर में चलती स्लीपर बस के अंदर 16 साल की नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप के मामले पर एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर देश में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। भूमि ने लिखा कि बार-बार ऐसी घटनाएं कैसे हो सकती हैं, यह बेहद शर्मनाक है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 11वीं की छात्रा अपने घर से माता-पिता से लड़कर नोएडा जाने के लिए निकली थी। ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर बारिश और अंधेरा होने की वजह से वह फंस गई। इसी दौरान एक प्राइवेट स्लीपर बस के कंडक्टर ने उसे झांसा देकर बस में बिठा लिया। बस में कोई अन्य सवारी नहीं थी। रास्ता शुरू होते ही बस ड्राइवर और कंडक्टर ने नाबालिग के साथ दरिंदगी की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, पुलिस ने 31 अगस्त को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस को तिमारपुर से जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।