चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले धार्मिक स्थल कुरुक्षेत्र में ब्रह्म सरोवर सहित शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की व्यापक योजना राज्य सरकार ने तैयार की है। मुख्यमंत्री मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान विधायक अशोक अरोड़ा द्वारा ब्रह्म सरोवर, कुरुक्षेत्र के संबंध में पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधायक अशोक अरोड़ा ने ब्रह्म सरोवर को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है और पूर्व में भी इस विषय को उठाया था। संबंधित मंत्री द्वारा इस संबंध में सदन को विस्तार से जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ब्रह्म सरोवर और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की पूरी योजना बनाई है। रेस्ट हाउस सहित विभिन्न कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं और आने वाले समय में योजनाबद्ध ढंग से इन कार्यों को पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इसका उद्घाटन किया है। उन्होंने कहा कि जब मनोहर लाल मुख्यमंत्री थे और वे स्वयं सांसद थे, उस समय इस परियोजना को लेकर बात रखी गई थी।