चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अशोक सिंहल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, अपना समय और अपना संपूर्ण जीवन भारत की सांस्कृतिक चेतना को जगाने के लिए समर्पित कर दिया। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में भी उन्होंने व्यापक जनसंपर्क और संगठन के माध्यम से इस आंदोलन को देश के अनेक भागों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा और मेयर नगर निगम गुरुग्राम राजरानी मल्होत्रा उपस्थित रहीं।
युवाओं के लिए प्रेरणा है अशोक सिंहल जी का जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ महापुरुषों का जीवन ऐसा होता है, जिनकी प्रेरणा समय के साथ और गहरी होती जाती है। उनके आदर्श भावी पीढ़ियों को दिशा देते हैं और उनके त्याग से समाज को शक्ति मिलती है। अशोक सिंहल जी का जीवन युवाओं के लिए भी बड़ी सीख है।
जन्म शताब्दी कार्यक्रमों को सेवा कार्यों से जोड़ने का आग्रह
मुख्यमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद और सामाजिक संस्थाओं से जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को सेवा के कार्यों से जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में सहयोग, रक्तदान, जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सहायता पहुंचाने, पौधरोपण और लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए संवाद जैसे कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर और काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े उनके संकल्पों को आगे बढ़ाना ही अशोक सिंघल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनके विचारों और संकल्पों को आगे बढ़ाते हुए भारतीय संस्कृति, आस्था और विरासत के प्रति जागरूकता को मजबूत करना समाज की जिम्मेदारी है।