आधुनिक अंब अंदौरा स्टेशन हिमाचल की नई कनेक्टिविटी की दिशा में मजबूत कदम
ऊना,सुशील पंडित: पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास का स्वागत करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हो रहे रेलवे परिवर्तन का एक और ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक हिमाचल प्रदेश की कठिन भौगोलिक स्थिति को रेलवे विस्तार में बाधा बताया जाता था, लेकिन आज राज्य अभूतपूर्व निवेश, आधुनिकीकरण और बेहतर कनेक्टिविटी का साक्षी बन रहा है।
अनुराग ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अंब आंदौरा, बैजनाथ पपरोला, पालमपुर हिमाचल और शिमला जैसे स्टेशनों को विश्व स्तरीय यात्री सुविधाओं, बेहतर पहुंच, उन्नत बुनियादी ढांचे और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश में रेलवे विकास की गति को पूरी तरह बदल दिया है। वर्ष 2009-14 के दौरान राज्य के लिए औसतन प्रति वर्ष केवल करीब ₹108 करोड़ का रेलवे आवंटन होता था, जबकि रेल बजट 2026-27 में लगभग ₹2,911 करोड़ दिए गए हैं, जो निवेश में अभूतपूर्व 27 गुना वृद्धि दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि 255 किलोमीटर से अधिक नई रेल लाइनों के कार्य ₹13,000 करोड़ से ज्यादा की लागत से विभिन्न चरणों में चल रहे हैं। साथ ही नांगल-ऊना-तलवाड़ा, भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी, चंडीगढ़-बद्दी रेल लाइनों और ऐतिहासिक कांगड़ा घाटी रेलवे के पुनर्स्थापन जैसे प्रमुख प्रोजेक्ट्स तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
रेल कनेक्टिविटी के निरंतर विस्तार पर प्रकाश डालते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हाल के महीनों में हिमाचलवासियों को कई नई ट्रेन सेवाओं का लाभ मिला है। उन्होंने गुरुमुखी एक्सप्रेस को अंब आंदौरा तक बढ़ाए जाने, करतौली-अंबाला ट्रेन सेवा शुरू किए जाने और अन्य कनेक्टिविटी सुधारों का उल्लेख किया। इनसे छात्रों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और व्यवसायियों की यात्रा सुगम हुई है। वंदे भारत एक्सप्रेस के अंब आंदौरा-नई दिल्ली मार्ग के साथ ये पहल हिमाचल प्रदेश को देश के प्रमुख आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्रों से जोड़ रही हैं तथा पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही हैं।
ठाकुर ने कहा कि आधुनिक अंब आंदौरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन मात्र एक स्टेशन का पुनर्विकास नहीं, बल्कि “रेल विकास से राष्ट्र विकास” की दृष्टि की ओर एक और मजबूत कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पहाड़ी राज्य में रेलवे infrastructure को लगातार प्राथमिकता देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि चल रहे रेलवे प्रोजेक्ट्स और बढ़ती ट्रेन सेवाएं पर्यटन, रोजगार, व्यापार और निवेश के नए अवसर खोलेंगी तथा हिमाचल प्रदेश को विकसित भारत की यात्रा में और मजबूत भागीदार बनाएंगी।
