ऊना,सुशील पंडित: वरिष्ठ नागरिकों की राज्य कार्य योजना 2026-27 के अंतर्गत आज(वीरवर) को ग्राम पंचायत उदयपुर में इंटरजेनरेशनल जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय ऊना द्वारा आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने की। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी, ऊना जतिंदर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने बताया कि शिविर का मुख्य वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के मध्य आपसी संवाद, सम्मान और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करना, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना था।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक सुखदेव सिंह ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

सेवानिवृत्त सूबेदार हरजिंदर सिंह ने युवा वर्ग से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा समाज के विकास एवं प्रगति में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
तहसील कल्याण अधिकारी जतिंदर शर्मा ने विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे सभी लाभार्थियों से समय पर अपनी ई-केवाईसी करवाने का आग्रह किया, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के निरंतर मिलता रहे। उन्होंने सहारा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों एवं आवेदकों को योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
