बाड़मेरः ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सरपंच और उनके चचेरे भाई की मौत का मामला सामने आया है। वहीं घटना में उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। एक्सीडेंट नैशनल हाईवे-68 (जैसलमेर-बाड़मेर) पर शिव थाना क्षेत्र में बीती रात करीब 1 बजे हुआ। तीनों शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। गूंगा गांव के नजदीक पेट्रोल पंप के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक के सामने दूसरा वाहन आ गया। इससे बचने के प्रयास में उनकी बाइक ट्रक के सामने आ गई और टक्कर हो गई। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी देते SHO सत्यप्रकाश विश्नोई ने बताया कि बाइक पर कानासर निवासी लक्ष्मण प्रसाद (25) पुत्र चेनाराम, उनका चचेरा भाई लक्ष्मण राम उर्फ लिच्छाराम (25) पुत्र पोकराराम और दोस्त उम्मेदाराम (25) पुत्र गोरखाराम सवार थे। गूंगा गांव में शादी समारोह में शामिल होकर वह कानासर में अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी टक्कर ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक काफी दूर तक घसीटते हुए गई। बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए। लक्ष्मण प्रसाद और लक्ष्मण राम की मौके पर ही मौत हो गई। उम्मेदाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
घायल उम्मेदाराम को एंबुलेंस की मदद से बाड़मेर हॉस्पिटल लेकर गए। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। वहीं शवों को शिव हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। लक्ष्मण प्रसाद कानासर ग्राम पंचायत के सरपंच (प्रशासक) थे। लक्ष्मण राम मकान कारीगर था। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
