हरिद्वारः श्रद्धालुओं से भरी बस बैक करते समय बीच हाईवे पर पलट गई, जिससे एक महिला की मौत हो गई और 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बस को पलटता देख डंपर ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो भी डंपर की चपेट में आ गई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को जिला अस्पताल हरिद्वार भिजवाया गया है। बस में सवार सभी 45 से ज्यादा श्रद्धालु राजस्थान के रहने वाले थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी मुताबिक, सोमवार सुबह हरिद्वार के सप्तऋषि इलाके में शांतिकुंज गेट नंबर 3 के पास राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी एक बस सर्विस लेन से हाईवे की ओर मुड़ रही थी। तभी बस अचानक अनियंत्रित होकर बीच हाईवे पर ही पलट गई। दूसरी ओर से आ रहे एक डंपर चालक ने बस को बचाने का प्रयास किया, लेकिन अनियंत्रित होकर डंपर भी पास के ही ‘श्रीराम पंजाबी ढाबा’ के अंदर जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो कार भी डंपर की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में राजस्थान के नागौर जिले की रहने वाली एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। वह अपने भाई और परिवार के साथ हरिद्वार आई थी। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें से 25 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने बस के शीशे तोड़कर और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार भिजवाया। पुलिस मृतक महिला के परिजनों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

