गुस्साए ग्रामीणों ने शव को रोड पर रखकर किया प्रदर्शन
पूर्णियाः सहजन का पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लोहे के रॉड से बुजुर्ग के ऊपर ताबड़तोड़ हमले किए गए जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं पति पर जानलेवा हमला होता देख बचाने गई पत्नी को भी बेरहमी से पीटा गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पूर्णिया-सहरसा NH-107 को करीब 3 घंटे तक जाम रखा और हमलवारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को मुख्य मार्ग पर रखकर आगजनी की। सूचना मिलते ही बनमनखी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत से परिजनों का गुस्सा शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते निर्मला देवी ने बताया कि वह गंगापुर पंचायत के वार्ड-13 निवासी है। बीते दिन वह अपने घर से कुछ दूरी पर बांस के खेत पर गई थी। जहां उनकी नजर काटे जा रहे सहजन के पेड़ पर पड़ी। पड़ोसी को पेड़ काटता देख उन्होंने विरोध किया। इसी के बाद विवाद शुरू हो गया। विरोध करने पर बनिल मालाकार और उनके परिवार के लोगों ने गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी जिसके बाद उनका पति गोनेर पासवान (55) मौके पर पहुंचा तो हमलावरों ने उन पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बीच-बचाव पर उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया। गंभीर हालत में पति को इलाज के लिए लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वहीं, थानाध्यक्ष परिलक्षित पासवान ने बताया कि पेड़ काटने के दौरान विवाद हुआ, जिसमें बनिल मालाकार नाम के पड़ोस में रहने वाले युवक ने लोहे के रॉडनुमा हथियार से गोनेर पासवान पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से हमलावर फरार है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
