नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज उस समय हड़कंप मच गया जब भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनी माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होकर शहर के बीचों-बीच एक तालाब में गिर गया। यह हादसा केपी कॉलेज के पीछे स्थित एक तालाब में हुआ। जहां पर अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई और आस-पास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
चश्मदीदों के अनुसार, विमान उड़ान भरते समय सामान्य स्थिति में था परंतु कुछ ही देर के बाद उनका संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से नीचे आकर तालाब में गिर गया। हादसे की आवाज सुनकर सैंकड़ों आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
3 लोग निकाले गए सुरक्षित बाहार
चश्मदीद ने बताया कि – ‘हम लोग स्कूल कैंपस में थे तभी रॉकेट के जैसी आवाज आई। आवाज सुनकर दौड़कर पहुंचे तो देखा कि कुछ लोग दलदल में फंसे हुए थे। हम लोग तालाब में कूद गए और 3 लोगों को बाहर निकाला। अब मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम विमान को तालाब से निकालने की कोशिश कर रही है’। भारतीय वायुसेना की ओर से शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट एक रुटीन ट्रेनिंट सॉर्टी पर था। विमान में दो पायलट भी सवार थे जिनको सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों पायलटों को कोई गंभीर चोटें नहीं आई हैं। इससे प्रशासन और वायुसेना ने राहत की सांस ली है।
Read In English :
https://encounternews.in/india/iaf-trainer-aircraft-crashes-into-pond-in-uttar-pradeshs-prayagraj/
जांच में जुटी टीमें
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन पुलिस और राहत की टीमें मौके पर पहुंच गई है। तालाब के आस-पास भी बैरिकेडिंग कर दी गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया गया है। विमान को तालाब से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है ताकि तकनीकी जांच की जा सके।
वायुसेना और प्रशासन की संयुक्त टीमें हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है हालांकि इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। अधिकारियों के अनुसार, ट्रेनिंग उड़ानों के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाता है और इस हादसे के हर पहलू की अच्छे से जांच की जा रही है।