मुरादाबादः कटघर इलाके में आज एक इंडेन गैस सिलेंडर लोडर मैजिक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। वाहन से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि आग लगने से ठीक पहले गाड़ी से सभी सिलेंडर उतार लिए गए थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग बुझाने के लिए इस्तेमाल किए गए सुरक्षा उपकरण पूरी तरह नाकाम साबित हुए। जिसके बाद दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
View this post on Instagram
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब गाड़ी से इंडेन गैस के सिलेंडर उतारे जा रहे थे। राहत की बात यह रही कि आग भड़कने से कुछ ही देर पहले गाड़ी में रखे सभी सिलेंडर सुरक्षित नीचे उतार लिए गए थे। यदि सिलेंडर गाड़ी के अंदर ही होते, तो धमाकों के साथ एक बेहद भयावह हादसा हो सकता था, जिससे आसपास के इलाके में जान-माल का बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। इस घटना ने गैस कंपनी के उन बड़े-बड़े सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जो आपात स्थिति से निपटने के लिए किए जाते हैं।
दमकल विभाग के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव पांडेय ने बताया कि कटघर के करूला गली नंबर आठ निवासी मुंसिफ ने अपना पिकअप वाहन कोहिनूर रोड पर गली के सामने खड़ा मिला था। आठ बजे अचानक वाहन में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि पिकअप वाहन मुंसिफ के नाम पर पंजीकृत है। वाहन इंडेन गैस सिलिंडर की डिलीवरी के काम में इस्तेमाल होता है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

