चंडीगढ़: हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली ने प्रदेश के विभिन्न बोर्डों, निगमों, स्वायत्त निकायों और समितियों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों का आह्वान किया कि वे राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं का मूल उद्देश्य आमजन की सेवा और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसलिए हर संस्था यह सुनिश्चित करे कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
मोहन लाल बड़ौली आज पंचकूला के मोरनी में विभिन्न बोर्डों, निगमों, स्वायत्त निकायों और समितियों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में संस्थाओं की वित्तीय स्थिति, कार्यप्रणाली, उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बड़ौली ने प्रदेश के विभिन्न बोर्डों, निगमों और समितियों की वित्तीय स्थिति की एक-एक करके जानकारी ली और उनके कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने संस्थाओं के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों से उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने उनकी ओर से रखी गई मांगों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
