पूर्वी दिल्लीः पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार पुश्ता पर बुधवार रात डंपर और सवारियों से भरे ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। मृतकों में एक नवजात बच्ची भी शामिल है।
वहीं, तीन साल की बच्ची हादसे में सुरक्षित बच गई। घायलों को उपचार के लिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि बुधवार देर रात हादसे की सूचना मिली। ऑटो मानेसर की तरफ से आ रहा था और सभापुर गांव की तरफ से। डंपर (डीएल-1एलवाई-5990) और ऑटो (डीएल-1आरएबी-5531) की आपने सामने से टक्कर हुई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही पुलिस और स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल ले जा चुके थे।
हादसे में राजा (32) और राखी (30) समेत पांच लोग घायल हुए हैं। वहीं दो अज्ञात पुरुषों और एक नवजात बच्ची को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। एक तीन साल की बच्ची सुरक्षित है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सोनिया विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
