जालंधर, ENS: कैंट इलाके में चोरी और लूटपाट की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। सब्जी मंडी रोड स्थित लोकल बस स्टैंड के पास दिनदहाड़े काले रंग की एक्टिवा पर सवार दो लुटेरों ने पैदल जा रही एक महिला को निशाना बनाते हुए उसका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार महिला सड़क पर पैदल जा रही थी। इसी दौरान एक्टिवा पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और अचानक महिला का पर्स छीनकर फरार हो गए।
महिला ने बीच सड़क पर शोर मचाते हुए ‘चोर-चोर’ चिल्लाकर लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से निकल चुके थे। लूट की यह पूरी वारदात वहां स्थित एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलने पर थाना कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एक्टिवा सवार दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
