नई दिल्लीः हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मंगलवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। नई दिल्ली स्थित उनके आधिकारिक आवास पर उन्हें अचानक चक्कर आने की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ले जाया गया। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया है और आवश्यक मेडिकल जांच की जा रही हैं।
एम्स में भर्ती कराए जाने के बाद डॉक्टरों ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा की स्थिति का आकलन करने के लिए एमआरआई (MRI) सहित कई अन्य रूटीन टेस्ट किए हैं। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है और बुधवार को भी उनके कुछ अतिरिक्त मेडिकल टेस्ट किए जाने की योजना है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
हुड्डा के निजी सचिव (PA) वीपी धारीवाल ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते बताया कि फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है। गौरतलब है कि सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन में भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल नहीं हुए थे, जबकि उनके सांसद पुत्र दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदर्शन में शिरकत की थी।
