लुधियानाः जिले में ताजपुर रोड पर जीवन सिंह नगर में क्लिनिक पर सेहत विभाग की टीम ने दबिश दी। दरअसल, सिविल सर्जन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने क्लीनिक पर अचानक दबिश दी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से प्राप्त एक लिखित शिकायत के आधार पर की गई जांच के दौरान टीम ने मौके से दवाओं के नमूने लिए और खरीद बिल नहीं दिखाने पर कई दवाएं जब्त की। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए, सेहत विभाग के अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से एक लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें डॉक्टर और अन्य अधिकारी शामिल थे।
टीम द्वारा इस संयुक्त जांच के दौरान, मौके से 3 प्रकार की दवाओं के नमूने भरे गए हैं, जबकि 10 प्रकार की अन्य दवाएं जब्त की गई हैं। सेहत विभाग के अधिकारी के अनुसार, क्लिनिक संचालक मौके पर ही दवाओं के खरीद बिल पेश करने में असमर्थ था। नमूनों को आगे की जांच और प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच अधिकारियों ने क्लिनिक संचालक की डिग्री की प्रति भी अपने कब्जे में ले ली है। क्लिनिक का संचालन नरेश कुमार नाम के व्यक्ति द्वारा किया जाता था।
दूसरी ओर क्लीनिक संचालक नरेश कुमार ने कहा कि पहले क्लीनिक उनके पिता चलाते थे और अब वह इसकी देखभाल कर रहे हैं। उसने कहा कि प्लस टू (12वीं) के बाद उसने मेडिकल डिप्लोमा किया है और अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए डिग्री करने की तैयारी कर रही है। नरेश ने दावा किया कि वह क्लिनिक में केवल प्राथमिक उपचार प्रदान करता है। यदि किसी रोगी को गंभीर उपचार की आवश्यकता होती है, तो उसे बड़े अस्पताल में भेजा जाता है। उन्होंने कहा कि विभाग की टीम आज निरीक्षण के लिए आई और 2-3 नमूने लिए गए है।
