हाथरसः उत्तर प्रदेश के हाथरस में सादाबाद थाना के घूंचा गांव में शनिवार को किसान का शव खेत में ट्रैक्टर के कल्टीवेटर के नीचे मिला। मृतक की पहचान 58 वर्षीय महिपाल सिंह निवासी नगला मोहनलाल के रूप में हुई है। शव के पास डंडा और सरिया मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, करीब आठ महीने पहले महिपाल सिंह ने अपने भाई जंगजीत की पुत्रवधू नीता से सवा बीघा खेत खरीदा था।
खेत में ट्रैक्टर के नीचे व्यक्ति का श व बरा म द, ह त्या का आंशका#MurderCase #DeadBodyFound #TractorAccident #CrimeNews #PunjabNews pic.twitter.com/zXaTHSx0rX
— Encounter News (@encounternews2) October 3, 2026
इस जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। दो दिन पहले जंगजीत के परिवार की ओर से इसी खेत में सरसों की बुवाई कर दी गई थी। महिपाल को जब इसकी जानकारी हुई तो वह शनिवार तड़के करीब तीन बजे ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचे और जुताई करने लगे। परिजनों का आरोप है कि खेत में जुताई के दौरान महिपाल पर हमला किया गया। बचने के प्रयास में वह ट्रैक्टर लेकर वहां से भागे, लेकिन ट्रैक्टर दूसरे खेत में पहुंच गया।
बाद में महिपाल का शव ट्रैक्टर के कल्टीवेटर के नीचे पड़ा मिला। घटनास्थल पर डंडा और सरिया मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के बेटों ने अपने चाचा जंगजीत के परिवार के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई से जांच कराने और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड बुलाने की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या की आशंका और खेत विवाद से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस की जांच के बाद ही महिपाल सिंह की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
