करजनः गुजरात के करजन शहर में सीएनजी फिलिंग स्टेशन पर अचानक धमाका हो गया। मिली जानकारी के अनुसार सीएनजी डलवाने के दौरान कार में लगा गैस सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि सिलेंडर दो हिस्सों में टूट गया और कार के भी परखच्चे उड़ गए। धमाके के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
वहीं यह घटना फिलिंग स्टेशन के सीसीटीवी में भी कैद हो गई, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। धमाके के वक्त पंप पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। इस हादसे में दो लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ब्लास्ट के कारणों की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर एक सीएनजी स्टेशन पर उस समय दहशत फैल गई जब ईंधन भरते समय एक कार में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट के कारण कार के पिछले हिस्से के टुकड़े और कांच के टूटे हुए टुकड़े वाहन से कई मीटर दूर जा गिरे।
