मोगा: जापान में आयोजित एशिया रोइंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले मोगा जिले के दो खिलाड़ियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। खेल प्रेमियों, कोचों और खेल विभाग के अधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनका हौसला बढ़ाया। इसके अलावा दोनोें खिलाड़ियों को इस दौरान सम्मानित भी किया गया। इस चैंपियनशिप में एशिया के अलग-अलग देशों से करीबन 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। वहीं भारत की ओर से इसमें करीबन 16-17 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
इस मौके पर खिलाड़ी कुलविंदर सिंह ने कहा कि जापान में आयोजित एशिया रोइंग चैंपियनशिप में भारत के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और मेहनत के साथ हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि मोगा जिले से दो खिलाड़ियों ने भी इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उनकी टीम ने चौथा स्थान हासिल किया। मोगा पहुंचने पर मिले मान-सम्मान से वह काफी एक्साइटेड हैं। कुलविंदर सिंह ने अपने कोच का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि रोइंग एक ऐसा खेल है जिसके बारे में अभी भी काफी बच्चों को जानकारी नहीं है। उन्हें साल 2018 में रोइंग खेल के बारे में पता चला था इसके बाद उन्होंने इसकी ट्रेनिंग शुरु कर दी। अब उनको एशिया स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिला है। आने वाले समय में और मेहनत कर देश के लिए पदक जीतना उनका लक्ष्य है। रोइंग गेम के कोच जसबीर सिंह गिल ने कहा कि उनके द्वारा बच्चों को रोइंग खेल की ट्रेनिंग दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मोगा जिले से संबंधित दो खिलाड़ियों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर ट्रेनिंग हासिल कर एशिया रोइंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेना मोगा के लिए गर्व की बात है। दोनों खिलाड़ियों के वापस लौटने पर खेल प्रेमियों ने उनका स्वागत कर उनका हौसला बढ़ाया गया। कोच जसबीर सिंह गिल ने पंजाब सरकार से मांग की कि राज्य में आयोजित होने वाली ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ जैसी खेल गतिविधियों के साथ रोइंग को भी प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को जरूरी सुविधाएं, उच्च स्तरीय ट्रेनिंग और खेल उपकरण मिलेंगे तो पंजाब के और भी युवा रोइंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा सकते हैं। जिला खेल अधिकारी नवदीप जिंदल ने कहा कि मोगा जिले के दो खिलाड़ियों द्वारा एशिया चैंपियनशिप में हिस्सा लेना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने मोगा पहुंचने पर दोनों खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
नवदीप जिंदल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोपड़ में खिलाड़ियों के लिए जरूरी खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं जो बच्चे खेलों में आगे आ रहे हैं, उन्हें सरकार द्वारा उपलब्ध नियमों के अनुसार सुविधाएं मुहैया करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अधिक से अधिक हिस्सा लें। खेल न केवल युवाओं को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि उन्हें जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी देते हैं। मोगा के दो खिलाड़ियों की एशिया स्तर पर भागीदारी से अन्य युवाओं को भी रोइंग सहित विभिन्न खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।