कलोह वेली में गश्त के दौरान पुलिस ने पैदल राहगीर से बरामद किया हेरोइन/चिट्टा
ऊना,सुशील पंडित: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला पुलिस ऊना की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना गगरेट की टीम ने कलोह वेली के पास एक पैदल राहगीर को 3.59 ग्राम हेरोइन/चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 सितंबर 2026 की शाम को ASI रणबीर सिंह, अन्वेषणाधिकारी पुलिस थाना गगरेट के नेतृत्व में पुलिस टीम कलोह वेली से पुराने अंब रोड पर सवा फाउंडेशन के नजदीक गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक पैदल राहगीर को शक के आधार पर जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.59 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान चेतन शर्मा निवासी वार्ड नंबर-1, एनएसी गगरेट, तहसील घनारी, जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।पुलिस बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत के साथ-साथ इसकी सप्लाई चेन तथा बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है, ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंच बनाई जा सके।
जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि अपने आसपास नशे की बिक्री, तस्करी या सेवन से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।