संगरूरः सुनाम में स्थित ‘पीर बाबा जुड़वा शाह’ के वार्षिक मेले की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब अचानक बिजली का करंट लगने से दो युवकों की जान चली गई। हादसे में 4 लोग झुलस गए, वहीं दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनमोल निवासी टोहाना, हरियाणा और गुरतेज सिंह निवासी गांव कूलारां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनमोल वेटर का काम करने के लिए आया था। वहीं घायल हैप्पी मूनक, बिट्टू मूनक, अनिल टोहाना को पटियाला रेफर किया गया है जबकि लखविन्द्र सिंह का सुनाम में इलाज चल रहा है।
घटना सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक अमन अरोड़ा तुरंत स्थिति का जायजा लेने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों का हाल-चाल जाना और उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दुखद हादसे की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच करवाई जाएगी ताकि लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय हो सके। पंजाब सरकार की ओर से मृतकों के शोक-संतप्त परिवारों को हर संभव आर्थिक व सामाजिक मदद प्रदान की जाएगी।
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेले में सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई थी। बिजली के मुख्य खंभे के बिल्कुल पास कई दुकानें और खाने-पीने के स्टॉल लगाए गए थे। इसी दौरान गोल-गप्पे के स्टॉल में बिजली का तेज करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आकर कई लोग झुलस गए। करंट लगते ही मेले में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों का सीधा सवाल है कि बिजली खंभे के इतने पास स्टॉल लगाने की अनुमति किसने और कैसे दी? क्या मेले के आयोजकों और प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की जांच नहीं की। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।