फिरोजपुरः पंजाब पुलिस द्वारा भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। फिरोजपुर थाना सिटी पुलिस ने लूटपाट और चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को काबू किया है, जिनके कब्जे से दो चोरी के मोटरसाइकिल और 15 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना सिटी के एसएचओ सुखचैन मेहता ने बताया कि पुलिस पार्टी शहर में गश्त पर थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई।
पुलिस अधिकारी जगरूप सिंह और अन्य कर्मचारियों की टीम जब बॉर्डर रोड स्टोर के पीछे झाड़ियों के पास पहुंची, तो मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोर गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भोला उर्फ अमन (पुत्र गोबा, निवासी गली मंदिर वाली, गोल बाग, फिरोजपुर), जज्ज (पुत्र हरदीप, निवासी गोल बाग, मंदिर वाली गली) और अजय कुमार (पुत्र मजाम साहनी, निवासी बागी रोड, आश्रम के पास, फिरोजपुर शहर) के रूप में हुई है। इनके पास से दो मोटरसाइकिल और 15 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर मामले में आगे की पूछताछ करेगी।